15 जून तक शुरू होगी बागबेड़ा जलापूर्ति योजना, विधायक संजीव सरदार ने दिए सख्त निर्देश

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

15 जून तक शुरू होगी बागबेड़ा जलापूर्ति योजना, विधायक संजीव सरदार ने दिए सख्त निर्देश

जमशेदपुर, 20 मई : जमशेदपुर प्रखंड सभागार में आयोजित विभिन्न विभागों की संयुक्त बैठक में पोटका विधायक संजीव सरदार ने बागबेड़ा वृहद ग्रामीण जलापूर्ति योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को हर हाल में 15 जून तक योजना शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार ने आश्वस्त किया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर योजना को धरातल पर उतार दिया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत मेन लाइन का लगभग 550 मीटर और राइजिंग लाइन का 800 मीटर कार्य शेष है। वहीं करीब 60 प्रतिशत घरों तक जलापूर्ति कनेक्शन पहुंच चुका है तथा शेष घरों को अगले 15 दिनों में जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
विधायक ने कार्य में तेजी लाने के लिए दोगुनी मैनपावर लगाने का निर्देश देते हुए कहा कि भीषण गर्मी में लोगों को पानी की समस्या से राहत दिलाने के लिए सभी विभागों को युद्धस्तर पर काम करना होगा। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने को कहा तथा किसी भी तकनीकी या प्रशासनिक बाधा की सूचना तत्काल देने का निर्देश दिया।
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि जरूरत पड़ने पर वे स्वयं ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर कार्यों की निगरानी करेंगे। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है और बागबेड़ा जलापूर्ति योजना शुरू होने से हजारों लोगों को स्वच्छ एवं नियमित पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।

Share This Article