दलभंगा ओपी प्रभारी पर ग्रामीणों को झूठी गवाही के लिए दबाव बनाने का आरोप, एसपी से जांच की मांग

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

दलभंगा ओपी प्रभारी पर ग्रामीणों को झूठी गवाही के लिए दबाव बनाने का आरोप, एसपी से जांच की मांग

सरायकेला, 19 मई : सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई थाना क्षेत्र अंतर्गत दलभंगा ओपी पुलिस की कार्यशैली को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। बाड़ेहातु गांव के ग्रामीणों ने दलभंगा ओपी प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को लिखित ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन सौंपने पहुंचे ग्रामीणों का नेतृत्व जिला परिषद सदस्य झिंगी हेंब्रम ने किया।

एसपी से जांच की मांग
ग्रामीणों का आरोप है कि एक युवती के लापता होने के मामले में पुलिस गांव के लोगों और परिजनों पर जबरन बयान देने का दबाव बना रही है। ग्रामीणों ने साफ कहा है कि उन्हें घटना की प्रत्यक्ष जानकारी नहीं है, इसलिए वे किसी के दबाव में आकर झूठी गवाही नहीं देंगे। ग्रामीणों ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और निर्दोष ग्रामीणों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।

शादी समारोह से जुड़ा है मामला
ज्ञापन में बाड़ेहातु गांव निवासी सोयना मुंडा ने बताया कि 28 अप्रैल 2026 को उनके विवाह समारोह का आयोजन हुआ था। इसी कार्यक्रम में उनकी भांगी फूलमनी मुंडा भी शामिल होने आई थी। आरोप है कि विवाह समारोह के दौरान ही फूलमनी मुंडा किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ चली गई। बाद में मामले की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद जांच शुरू हुई।

गांव में भय का माहौल बना रही पुलिस
ग्रामीणों का कहना है कि जांच के नाम पर दलभंगा ओपी प्रभारी लगातार गांव पहुंचकर लोगों पर बयान देने का दबाव बना रहे हैं। कई ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही है और ऐसा बयान दिलाने की कोशिश की जा रही है, जिसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। ज्ञापन में कहा गया है कि पुलिस के इस रवैये से गांव में भय और असंतोष का माहौल बन गया है।

विधायक के घर में रहने की चर्चा का भी जिक्र
ग्रामीणों ने अपने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया है कि उन्हें जानकारी मिली है कि फूलमनी मुंडा वर्तमान में खरसावां विधायक दशरथ गागराई के आवास पर रह रही है। हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई करने तथा गांव में व्याप्त भय के माहौल को समाप्त करने की मांग की है।

Share This Article