ईचागढ़ व सरायकेला प्रखंड में वरीय पदाधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं एवं संस्थानों का औचक निरीक्षण
सरायकेला, 18 मई : वरीय पदाधिकारी ईचागढ़ प्रखंड सह जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो तथा वरीय पदाधिकारी, सरायकेला प्रखंड सह भूमि सुधार उपसमाहर्ता निवेदिता नियति ने संबंधित प्रखंड क्षेत्रों का भ्रमण कर विभिन्न विकास योजनाओं एवं संस्थानों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में विद्यालयों, प्रधानमंत्री आवास योजना, अबुआ आवास योजना, मनरेगा सहित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया गया। साथ ही योजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता एवं लाभुकों को मिल रही सुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
वरीय पदाधिकारियों द्वारा प्रखंड स्तर पर समीक्षा बैठक आयोजित कर योजनाओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि शत-प्रतिशत योग्य लाभुकों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से आच्छादित करना प्राथमिकता होनी चाहिए तथा योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं सुगम तरीके से पात्र लाभुकों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। समीक्षा के दौरान लंबित योजनाओं एवं अपूर्ण कार्यों में तेजी लाने, नियमित मॉनिटरिंग करने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर योजनाओं को पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
क्षेत्रीय पदाधिकारियों को योजनाओं का नियमित स्थल निरीक्षण करने तथा अपूर्ण योजनाओं को शीघ्र पूर्ण कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं संबंधित क्षेत्रीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि विभिन्न कार्यों हेतु कार्यालय आने वाले लाभुकों के आवेदनों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
विद्यालय निरीक्षण के दौरान शैक्षणिक गतिविधियों, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन एवं आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई। वहीं मनरेगा योजनाओं के निरीक्षण के क्रम में कार्यस्थल पर संचालित योजनाओं की प्रगति, मजदूरों की उपस्थिति एवं उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया गया। आवास योजनाओं के निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं प्रगति की जांच करते हुए लाभुकों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने तथा लंबित आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया।