सरायकेला में पांच दिवसीय आयुष्मान व अबुआ कार्ड शिविर का शुभारंभ, अध्यक्ष मनोज चौधरी ने कहा – यह कार्ड केवल दस्तावेज नहीं

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सरायकेला में पांच दिवसीय आयुष्मान व अबुआ कार्ड शिविर का शुभारंभ, अध्यक्ष मनोज चौधरी ने कहा – यह कार्ड केवल दस्तावेज नहीं

सरायकेला, 18 मई : स्वास्थ्य सुरक्षा को घर-घर तक पहुंचाने की दिशा में सरायकेला नगर पंचायत ने एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या-7 स्थित अटल क्लीनिक में पांच दिवसीय आयुष्मान कार्ड निर्माण शिविर का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने किया। शिविर का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों को सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं से जोड़ना है, ताकि गंभीर बीमारियों के इलाज में उन्हें आर्थिक सहायता मिल सके।
शिविर के उद्घाटन अवसर पर वार्ड पार्षद सविता पटनायक, अंजली राय, ज्योति साहू सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में BPM रवि कुमार, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार, वीएलई हरि ओम विल, भूपति देवगम तथा एएनएम कर्मियों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि आयुष्मान कार्ड और आबुआ हेल्थ कार्ड केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि गरीब परिवारों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा की गारंटी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि कोई भी व्यक्ति पैसे के अभाव में इलाज से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से नगर पंचायत स्तर पर लगातार जागरूकता अभियान और शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
शिविर के पहले दिन करीब पचास लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाया गया। स्थानीय लोगों में शिविर को लेकर उत्साह देखा गया और बड़ी संख्या में लोग आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर पहुंचे।

Share This Article