आपदा प्रबंधन समिति की बैठक में 62 मामलों में 60 मामलों पर अनुग्रह अनुदान स्वीकृत, 02 मामलों में मांगे गए आवश्यक दस्तावेज
सरायकेला, 18 मई : सरायकेला-खरसावां जिला मुख्यालय में सोमवार को हुई जिला स्तरीय आपदा प्रबंधन समिति की बैठक में विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं से संबंधित प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की गई। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार अपर उपायुक्त जयबर्धन कुमार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई बैठक में समीक्षा के क्रम में सड़क दुर्घटना से संबंधित 12, अतिवृष्टि से संबंधित 45, अतिवृष्टि से घर गिरने से मृत्यु 01, पानी में डूबने से मृत्यु 02, सर्पदंश से मृत्यु 01 तथा आंधी-तूफान से पेड़ की डाली गिरने से मृत्यु 01 मामले सहित कुल 62 मामलों पर विचार किया गया।
बैठक में मामलों पर बिंदुवार चर्चा के उपरांत 62 मामलों में से 60 मामलों पर अनुग्रह अनुदान राशि स्वीकृत करने का निर्णय लिया गया, जबकि 02 मामलों में आवश्यक दस्तावेजों की कमी पाए जाने पर संबंधित अभिलेख पूर्ण करते हुए पुनः समिति के समक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया। अपर उपायुक्त ने निर्देश दिया कि नियमानुसार आपदा प्रबंधन के विभिन्न प्रावधानों के अंतर्गत निर्धारित अनुग्रह अनुदान राशि का लाभ मृतक के आश्रितों एवं प्रभावित परिवारों को समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने सभी अंचलाधिकारियों एवं अनुमंडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि आपदा प्रबंधन से संबंधित लंबित मामलों की सभी आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूर्ण करते हुए सत्यापन उपरांत जिला स्तरीय समिति के समक्ष प्रस्तुत करें। साथ ही निर्देश दिया गया कि आपदा प्रबंधन से संबंधित प्राप्त आवेदनों की प्रक्रिया एक सप्ताह के भीतर पूर्ण कर ली जाए। बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष, सभी नगर निकाय क्षेत्र के मेयर/अध्यक्ष, अनुमंडल पदाधिकारी (सरायकेला एवं चांडिल), सभी अंचलाधिकारी, समिति के अन्य सदस्य एवं संबंधित विभागीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।