कोई भी ग्राहक पेट्रोल पंप से खाली ना लौटे यह सुनिश्चित करें पंप संचालक : एसडीओ
चांडिल, 14 मई : चांडिल के अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार राय ने गुरुवार को पेट्रोल एवं डीजल की उपलब्धता को लेकर क्षेत्र के पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल को लेकर आम लोगों को पैनिक होने की कोई आवश्यकता नहीं है। यह आपातकाल नहीं है और क्षेत्र में पेट्रोल एवं डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है। पंप संचालक सुरक्षित, व्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से आम उपभोक्ताओं को ईंधन उपलब्ध कराएं, ताकि किसी प्रकार की अफवाह या अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि देश में पेट्रोल व डीजल की कोई कमी ना पहले थी और ना अब कोई कमी है। क्षेत्र के सभी पेट्रोल पंपों में प्रर्याप्त मात्रा में पेट्रोल – डीजल उपलब्ध है। उन्होंने सभी पेट्रोल पंप संचालकों से यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि पंप से कोई भी ग्राहण बैरंग ना लौटे। सभी ग्राहकों को आवश्यकता के अनुसार सीमित मात्रा में ईंधन दें। खासकर एंबुलेंस को कम से कम 20 लीटर पेट्रोल – डीजल दें, ताकि गंतव्य तक पहुंच सके। उन्होंने सभी पंप मालिकों से किसी को भी आवश्यकता से अधिक पेट्रोल-डीजल नहीं देने का निर्देश दिया।
अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी पेट्रोल पंप मालिकों को निर्देश दिया कि विधि-व्यवस्था एवं आपातकालीन जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कम से कम 1000 लीटर ईंधन सुरक्षित रखें। साथ ही सभी ग्राहकों को उनकी आवश्यकता के अनुसार पेट्रोल एवं डीजल उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को बेवजह ईंधन का स्टॉक नहीं करने दिया जाए। ऐसी स्थिति पैदा ना कि पेट्रोल – डीजल लेने के वाहनों की भीड़ पंप पर लगे। इस दौरान पंप संचालकों से भी अपनी – अपनी समस्याओं से अनुमंडल पदाधिकारी को अवगत कराया।