पश्चिमी सिंहभूम, 07 मई : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। झींकपानी थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ उसके ही गांव के तीन युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का सनसनीखेज मामला उजागर हुआ है। घटना के बाद आरोपियों ने पीड़िता और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी, जिसके डर से युवती 10 दिनों तक खामोश रही।
जानकारी के अनुसार, घटना उस वक्त हुई जब युवती घर में अकेली थी और सुबह झाड़ू लगा रही थी। परिवार के अन्य सदस्य बाहर गए हुए थे। इसी बीच गांव के तीन युवक जबरन घर में घुस आए और युवती को अपनी हवस का शिकार बना डाला। पीड़िता चीखती-चिल्लाती रही, लेकिन दरिंदों ने उसकी एक नहीं सुनी।
हैवानियत की सारी हदें पार करने के बाद आरोपियों ने युवती को धमकाया कि अगर उसने किसी को घटना के बारे में बताया तो पूरे परिवार को जान से मार देंगे। धमकी इतनी खौफनाक थी कि पीड़िता सदमे में चली गई और कई दिनों तक किसी से कुछ नहीं कह सकी। बताया जा रहा है कि लगातार मानसिक तनाव और शारीरिक पीड़ा के कारण युवती की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों ने जब उसे विश्वास में लेकर पूछताछ की तो उसने रोते हुए पूरी आपबीती सुनाई। बेटी की दर्दनाक कहानी सुनकर परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई।
इसके बाद परिजन गांव के मुंडा और ग्रामीणों के पास पहुंचे। ग्रामीणों के सहयोग से बुधवार को झींकपानी थाने में तीनों आरोपियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।