बंगाल में गोलियों की बौछार, भाजपा के दिग्गज नेता सुवेंदु अधिकारी के करीबी की हत्या से बंगाल में सनसनी
पश्चिम बंगाल के मध्यमग्राम में बुधवार देर शाम एक ऐसी वारदात हुई, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्र नाथ रथ की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और एक बार फिर राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। मिली जानकारी के अनुसार, चंद्रनाथ रथ अपनी कार से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान कुछ हमलावर उनका पीछा करते हुए आए। बताया जा रहा है कि पहले उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोका गया और फिर बेहद करीब से लगातार गोलियां चलाई गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फायरिंग इतनी तेज थी कि आसपास के लोग घबरा गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल चंद्रनाथ को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। उनके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की भी खबर है, हालांकि उसकी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई। हमलावरों की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि हमलावर बाइक और कार से आए थे और उनकी बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी। इससे घटना के पीछे साजिश की आशंका जताई जा रही है। उधर, घटना की खबर मिलते ही सुवेंदु अधिकारी खुद मध्यमग्राम पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। बताया जा रहा है कि चंद्रनाथ रथ लंबे समय से उनके साथ जुड़े हुए थे और संगठन के कामों में सक्रिय भूमिका निभाते थे। इस बीच भाजपा नेताओं ने इस हत्या को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा है और इसे राजनीतिक हिंसा से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी भी तरह के राजनीतिक कारण की पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है। फिलहाल, इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि चुनाव के बाद भी बंगाल में हिंसा क्यों थमने का नाम नहीं ले रही। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा, लेकिन इस बीच आम लोगों के मन में डर जरूर बढ़ गया है।