इंटरमीडिएट कला संकाय के टॉप टेन की सूची में 23 परीक्षार्थी, 6 नीमडीह कस्तुरबा की छात्रा
चांडिल, 06 मई : झारखंड अधिविद्य परिषद की ओर से आयोजित इंटरमीडिएट कला संकाय की परीक्षा का परिणाम बुधवार को घोषित कर दिया गया। परीक्षा परिणाम में सरायकेला – खरसावां जिले के टॉप टेन की सूची में कुल 23 परीक्षार्थी शामिल है। टॉप टेन की सूची में टॉप टेन पर एसएनवी प्लस टू हाई स्थल चालियामा का परीक्षार्थी समेत सर्वाधिक परीक्षार्थी कस्तुरबा गांधी बालिका विद्यालय नीमडीह की छात्राएं शामिल हैं। इस विद्यालय की कुल छह छात्राएं टॉप टेन की सूची में अपना स्थान बनाने में सफलता पाई है।
मिली जानकारी के अनुसार एसएनवी प्लस टू हाई स्थल चालियामा की छात्रा अनामिका गोराई 437 अंक प्राप्त कर जिले में सर्वाधिक अंक हासिल करने वाली परीक्षार्थी बनी है। जहां कभी नक्सलियों की गोलियों की बौछार होती थी, जनसुनवाई लगती थी, उसी सुदूरवर्ती चालियामा गांव निवासी अनिरूद्ध गोराई की बेटी अनामिका गोराई आज कलम से सफलता की कहानी लिख रही है। नीमडीह प्रखंड के चालियामा के इस बेटी की सफलता पर सभी गर्व से फूले नहीं समा रहे हैं। उसकी इस सफलता पर विद्यालय परिवार भी गौरवांवित है।




