मंईयां सम्मान योजना : लाभुकों के लिए बड़ी राहत, अप्रैल–मई की राशि एक साथ, भुगतान में देरी खत्म करने की तैयारी

Manbhum Updates
2 Min Read

मंईयां सम्मान योजना : लाभुकों के लिए बड़ी राहत, अप्रैल–मई की राशि एक साथ, भुगतान में देरी खत्म करने की तैयारी

रांची, 06 मई : झारखंड सरकार ने मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत लाभुकों को बड़ी राहत देने की दिशा में अहम कदम उठाया है। अब इस योजना के तहत अप्रैल और मई दोनों महीनों की राशि एक साथ लाभुकों के बैंक खातों में भेजने की तैयारी है, जिससे इस बार सीधे 5000 रुपये का भुगतान होगा।
सरकार की इस पहल का उद्देश्य सिर्फ राशि देना ही नहीं, बल्कि भुगतान प्रणाली को मजबूत और समयबद्ध बनाना भी है। सामाजिक सुरक्षा निदेशालय ने इसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, इस सप्ताह सभी जिलों को करीब 8500 करोड़ रुपये आवंटित किए जाएंगे, ताकि आगे भुगतान में किसी तरह की बाधा न आए।

दरअसल, सरकार ने इस बार नई रणनीति अपनाते हुए जिलों को एकमुश्त छह माह (सितंबर 2026 तक) की राशि उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। इससे हर महीने भुगतान में होने वाली देरी की समस्या को खत्म करने की कोशिश की जा रही है।
राज्य के लगभग 51 लाख लाभुकों को इसका सीधा फायदा मिलेगा। अधिकारियों के अनुसार, राशि आवंटन की प्रक्रिया पूरी होते ही इसी महीने लाभुकों के खातों में पैसे ट्रांसफर कर दिए जाएंगे।
यह कदम खासतौर पर ग्रामीण और जरूरतमंद महिलाओं के लिए आर्थिक सहारा साबित होगा, साथ ही सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के क्रियान्वयन में भी पारदर्शिता और गति लाने में मदद करेगा।

Share This Article