टॉपर के घर पहुंचा जनप्रतिनिधि, शांभवी की सफलता बनी पूरे झारखंड की प्रेरणा

Manbhum Updates
2 Min Read

जमशेदपुर, 05 मई : ISC 12वीं (बायो साइंस) परीक्षा 2026 में 100 प्रतिशत अंक लाकर ऑल इंडिया रैंक–1 हासिल करने वाली आदित्यपुर निवासी होनहार छात्रा शांभवी तिवारी की उपलब्धि अब सिर्फ एक व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के लिए प्रेरणा की मिसाल बन गई है।
इसी कड़ी में झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता व पूर्व विधायक कुणाल षड़ंगी ने शांभवी के आवास पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं उपहार भेंट कर इस असाधारण उपलब्धि पर बधाई दी और परिवार की सराहना की।
कुणाल षड़ंगी ने कहा कि संसाधनों की सीमाओं के बावजूद शांभवी ने जो मुकाम हासिल किया है, वह यह साबित करता है कि मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी ऊंचाई को छुआ जा सकता है। उन्होंने इसे “नए झारखंड की नई पहचान” बताते हुए कहा कि राज्य के युवा अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि शांभवी जैसी प्रतिभाएं समाज के लिए रोल मॉडल हैं और सरकार व समाज दोनों की जिम्मेदारी है कि ऐसे विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए हर संभव सहयोग मिले।
इस अवसर पर सरायकेला नगर परिषद अध्यक्ष मनोज चौधरी, झामुमो के केंद्रीय सदस्य गणेश चौधरी, युवा समाजसेवी इंदरजीत सिंह और युवा उद्यमी प्रतीक कुमार भी मौजूद रहे।
वहीं, शांभवी तिवारी ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और निरंतर मेहनत को देते हुए कहा कि उनका लक्ष्य आगे चिकित्सा क्षेत्र में देश की सेवा करना है।
शांभवी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे इलाके में उत्साह का माहौल है और युवा पीढ़ी के बीच एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है।

Share This Article