एकलव्य स्कूल की चारदीवारी निर्माण में गड़बड़ी! मानक दरकिनार, पारदर्शिता भी गायब

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

नीमडीह, 5 मई : आदिवासी और वंचित समुदाय के बच्चों को सुरक्षित व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के उद्देश्य से संचालित नीमडीह प्रखंड के झिमड़ी स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय इन दिनों अपने ही निर्माण कार्य को लेकर सवालों के घेरे में है। स्कूल परिसर में बन रही चारदीवारी में अनियमितता के आरोप सामने आए हैं, जिससे न सिर्फ निर्माण की गुणवत्ता बल्कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता गहराने लगी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, संवेदक द्वारा निर्माण कार्य में तय मानकों की अनदेखी की जा रही है। दीवार निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि काम में पारदर्शिता का भी अभाव है, क्योंकि निर्माण स्थल पर लागत, योजना अवधि और तकनीकी विवरण से जुड़ा कोई शिलापट नहीं लगाया गया है।

यह विद्यालय पिछले वर्ष से संचालित हो रहा है और एक आवासीय संस्थान होने के कारण यहां बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। बावजूद इसके, चारदीवारी जैसे महत्वपूर्ण कार्य में कथित लापरवाही कई सवाल खड़े कर रही है।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि अनियमितता की पुष्टि होती है, तो संबंधित संवेदक पर सख्त कार्रवाई की जाए।
फिलहाल, इस मामले में न तो संबंधित विभाग और न ही संवेदक की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है।

सरकारी योजनाओं के जरिए शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की पहल तब सवालों में घिर जाती है, जब जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन में ही खामियां नजर आने लगें। अब निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।

Share This Article