कुकडू में जंगली हाथियों का तांडव, अधेड़ को कुचलकर मार डाला, शव रखकर सड़क जाम कर ग्रामीणों का प्रदर्शन

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

कुकडू, 04 मई : सरायकेला-खरसावां जिले के तिरुलडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत कुकडू प्रखंड मुख्यालय के समीप बीती शाम जंगली हाथियों के हमले में एक अधेड़ व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान कुकडू निवासी मुनिराम गोराई के रूप में हुई है।

बताया जाता है कि मुनिराम गोराई शाम के समय घर का राशन लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान प्रखंड मुख्यालय के पास स्थित एक खाली स्थान पर अचानक जंगली हाथियों के झुंड से उनका सामना हो गया। हाथियों ने उन्हें अपनी सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया और पैरों से कुचलकर मार डाला। घटना के बाद काफी देर तक हाथियों का झुंड शव के पास ही मंडराता रहा, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार सुबह जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो के नेतृत्व में ग्रामीणों ने प्रखंड मुख्यालय के सामने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि हाथियों के आतंक पर तत्काल नियंत्रण किया जाए और “हाथी भगाओ दस्ता” को 24 घंटे सक्रिय रखा जाए।

सूचना मिलने पर वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वन विभाग के सरायकेला वन प्रमंडल पदाधिकारी ने आश्वासन दिया कि कुकडू क्षेत्र में हाथियों की लगातार आवाजाही को देखते हुए यहां एक क्विक रिस्पांस टीम (QRT) का गठन किया जाएगा। साथ ही ग्रामीणों को सतर्क करने के लिए सुबह-शाम माइकिंग भी कराई जाएगी।

मौके पर मधुश्री महतो ने कहा कि चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में हाथियों की समस्या को उन्होंने कई बार जिला परिषद की बैठकों में उठाया, लेकिन वन विभाग ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोहराई गईं तो वन विभाग के खिलाफ उग्र और व्यापक आंदोलन किया जाएगा।घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है और ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति नाराजगी साफ देखी जा रही है।

Share This Article