दो बाइक की सीधी टक्कर में एक गंभीर, नहीं मिली 108 एंबुलेंस सेवा का लाभ

Manbhum Updates
2 Min Read

कुकडू, 02 मई : सरायकेला – खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत सिरुम हाई स्कूल के सामने शनिवार की सुबह दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में घायल व्यक्ति गुरुपद महतो बताया जा रहा है, जिसकी पहचान नीमडीह थाना क्षेत्र निवासी झापागोड़ा के रुप में हुई है| घटना के बाद स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग की 108 एंबुलेंस सेवा को कई बार कॉल किया गया, लेकिन न कॉल रिसीव हुआ और न ही कोई रिस्पॉन्स मिला।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो के प्रतिनिधि सुनील कुमार महतो ने तत्काल अपने निजी वाहन से गंभीर रूप से घायल गुरुपद महतो को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नीमडीह पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। जिप उपाध्यक्ष के प्रतिनिधि ने कहा कि 108 सेवा का लाभ नही मिला एक गंभीर मामला है। मामले को जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के समक्ष उठाया जाएगा और 108 सेवा को सुचारु करने की मांग की जाएगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रखंड कुकड़ू में अक्सर ऐसी घटनाएं होती हैं, लेकिन 108 सेवा और विभागीय सहयोग समय पर नहीं मिल पाता है। कुकड़ू से नीमडीह, सरायकेला और जमशेदपुर की दूरी 40 से 100 किमी है, ऐसे में एंबुलेंस सेवा का ठप रहना जानलेवा साबित हो सकता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विभागीय पदाधिकारी भी समय पर फोन रिसीव नहीं करते, जिससे आम जनता में नाराजगी है।

Share This Article