Jharkhand State Cricket Association (JSCA) ने राज्य में क्रिकेट प्रतिभाओं को नई दिशा देने के उद्देश्य से पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों के लिए झारखंड T20 लीग की शुरुआत करने की घोषणा की है। इस पहल में SJ Uplift सहयोगी की भूमिका निभा रहा है। JSCA द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी गई कि पुरुष वर्ग की T20 लीग छह फ्रेंचाइजी टीमों के साथ शुरू होगी। इस लीग का मुख्य उद्देश्य झारखंड में एक मजबूत, पेशेवर और दीर्घकालिक क्रिकेट संरचना विकसित करना है, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का बेहतर अवसर मिल सके। यह बहुप्रतीक्षित टूर्नामेंट जून के पहले सप्ताह से शुरू होने जा रहा है। साथ ही महिला क्रिकेट को भी समान महत्व देते हुए महिला T20 लीग के आयोजन की घोषणा की गई, जो राज्य में महिला खिलाड़ियों के लिए बड़ा प्लेटफॉर्म साबित होगा। इस मौके पर JSCA के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, सचिव सौरभ तिवारी, उपाध्यक्ष संजय पांडेय, शाहबाज नदीम तथा SJ Uplift के संस्थापक सौरभ जैन उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि यह लीग न सिर्फ खिलाड़ियों को मंच प्रदान करेगी, बल्कि राज्य में क्रिकेट के बुनियादी ढांचे को भी मजबूत करेगी। इससे झारखंड के उभरते प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का सुनहरा अवसर मिलेगा।