हमारा जिला कला – संस्कृति के साथ खेलकूद में भी आगे : मनोज चौधरी

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सरायकेला, 27 अप्रैल : सरायकेला-खरसावां जिले में खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड सरकार के तत्वावधान में आयोजित अस्मिता सिटी लीग प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ सरायकेला स्थित भगवान बिरसा मुंडा स्टेडियम में हुआ। उद्घाटन समारोह में नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि जिला कला के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। खिलाड़ियों से उन्होंने अनुशासन, मेहनत और समर्पण के बल पर राज्य और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चिलचिलाती धूप भी खिलाड़ियों के मजबूत इरादों को नहीं रोक सकती और बेटियों का उत्साह पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है।

उन्होंने जानकारी दी कि उनके संकल्प के अनुरूप हाल ही में तीन नए खेल मैदान शुरू किए गए हैं, जहां अब नियमित प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, ताकि खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास का अवसर मिले। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए स्वास्थ्य टीम भी मुस्तैद रही।

विशिष्ट अतिथि सानंद आचार्य ने कहा कि जिले में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत केवल सही मंच देने की है। कार्यक्रम में विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।

प्रतियोगिता के तहत वॉलीबॉल में गम्हरिया की टीमों का दबदबा रहा। अंडर-14 और अंडर-17 दोनों वर्गों में केपीएस गम्हरिया ने शानदार जीत दर्ज की। वहीं फुटबॉल में अंडर-14 वर्ग में गम्हरिया इलेवन चैंपियन बनी, जबकि अंडर-17 में नीमडीह ने खरसावां कस्तूरबा को 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया।

आगामी चरण में बिरसा मुंडा स्टेडियम में कबड्डी और एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिसे लेकर खिलाड़ियों में उत्साह बना हुआ है।

Share This Article