अवैध विदेशी शराब पर बड़ी कार्रवाई, 48.405 लीटर शराब जब्त, एक गिरफ्तार

Manbhum Updates
2 Min Read

नीमडीह, 22 अप्रैल : सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध शराब के खिलाफ प्रशासन की सख्ती लगातार जारी है। इसी कड़ी में नीमडीह थाना क्षेत्र में उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 48.405 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश तथा अधीक्षक उत्पाद क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव को देखते हुए जिले में अवैध शराब के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 21 अप्रैल को नीमडीह थाना अंतर्गत ग्राम हुंडरु, पाथरडीह एवं महतो टोला में छापामारी की गई।
छापेमारी के दौरान विभिन्न ब्रांडों की अवैध एवं नकली विदेशी शराब बरामद की गई। जब्त शराब में Iconiq व्हिस्की, McDowell’s No.1, B7 और Royal Stag समेत कई ब्रांड शामिल हैं। इसके अलावा पश्चिम बंगाल में बिक्री हेतु चिह्नित शराब की भी 24 बोतलें बरामद की गईं।
उत्पाद विभाग की टीम ने मौके से कुल 48.405 लीटर शराब जब्त की। इस मामले में आरोपी प्रकाश महतो के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और परिवहन के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Share This Article