बहरागोड़ा में स्वर्णरेखा नदी से मिला शक्तिशाली बम निष्क्रिय, सेना ने सुरक्षित रूप से किया नष्ट

Manbhum Updates
2 Min Read

बहरागोड़ा (पूर्वी सिंहभूम), 22 अप्रैल : जिले के बहरागोड़ा क्षेत्र में स्वर्णरेखा नदी से मिले एक अज्ञात शक्तिशाली बम को आज भारतीय सेना के विशेषज्ञों ने सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया। यह अत्यंत जोखिम भरा ऑपरेशन था, जिसे सैन्य टीम ने पूरी सावधानी और सटीक रणनीति के साथ अंजाम दिया।


जानकारी के अनुसार, नदी क्षेत्र में संदिग्ध वस्तु मिलने के बाद प्रशासन ने तत्काल सतर्कता बरतते हुए सेना को सूचना दी। मौके पर पहुंची बम निरोधक टीम ने इलाके को सुरक्षित घेरा बनाकर आम लोगों की आवाजाही रोक दी और फिर तकनीकी प्रक्रिया के तहत बम को निष्क्रिय किया गया।
विशेषज्ञों के मुताबिक, बरामद बम काफी शक्तिशाली था और यदि समय रहते इसे निष्क्रिय नहीं किया जाता, तो इससे जान-माल की भारी क्षति हो सकती थी। पूरी कार्रवाई के दौरान स्थानीय प्रशासन ने भी समन्वय बनाते हुए अहम भूमिका निभाई।
उल्लेखनीय है कि इस क्षेत्र में द्वितीय विश्व युद्ध काल के बम मिलने और उन्हें निष्क्रिय करने की यह दूसरी घटना है, जिससे इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता भी बढ़ी है।


केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने इस साहसिक कार्य के लिए भारतीय सेना के विशेषज्ञों की सराहना करते हुए कहा कि उनके साहस, कौशल और कर्तव्यनिष्ठता को सलाम है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन की तत्परता की भी प्रशंसा की।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी संदिग्ध वस्तु दिखाई दे, तो उसे छूने या उसके पास जाने से बचें और तुरंत इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दें।

Share This Article