खड़ी ट्रेलर से टकराई बाइक, दो युवक गंभीर रूप से घायल

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल, 18 अप्रैल: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कांदरबेड़ा चौक के समीप शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक सवार तीन लोग सड़क किनारे खड़ी ट्रेलर से जा टकराए, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नीमडीह थाना क्षेत्र के चालियामा पंचायत स्थित बांधडीह टोला निवासी श्रीकांत सिंह, नरेंद्र सिंह और नरेंद्र सिंह की पत्नी बाइक से जमशेदपुर जा रहे थे। इसी दौरान कांदरबेड़ा चौक के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर खड़ी ट्रेलर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में श्रीकांत सिंह और नरेंद्र सिंह के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि महिला को हल्की चोट लगी है।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय समाजसेवी और ‘हाइवे किंग’ के नाम से चर्चित शेखर गांगुली तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को सड़क से उठाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की और उन्हें होश में लाने का प्रयास किया।

वहीं, हादसे की जानकारी मिलते ही आजसू नेता हरेलाल महतो ने त्वरित पहल करते हुए “जन सेवा ही लक्ष्य” की एम्बुलेंस मौके पर भेजी। घायलों को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित अस्पताल पहुंचाया गया। साथ ही उन्होंने अपने अनुज रुद्रप्रताप महतो को घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के बीच ऐसे सामाजिक कार्यकर्ताओं की सक्रियता सराहनीय मानी जा रही है। समय पर सहायता और त्वरित कार्रवाई के कारण कई घायलों की जान बचाई जा रही है, जो मानवता की मिसाल पेश करता है।

Share This Article