तिरुलडीह पुलिस की छापामारी अभियान में अवैध रूप से बालू ले जाते दो ट्रैक्टर जप्त

Manbhum Updates
2 Min Read
जप्त अवैध बालू लदे ट्रैक्टर

कुकड़ू, 17 अप्रैल : सरायकेला-खरसावां जिले में बालू के अवैध उत्खनन, भंडारण और परिवहन की बात जब सामने आती है तो ईचागढ़ और तिरुलडीह का नाम सबसे पहले लिया जाता है। इस कलंक को मिटाने के लिए जिला खनन विभाग और पुलिस आए दिन औचक छापामारी अभियान चलाती है। अभियान के दौरान टीम को कभी – कभी सफलता भी हाथ लगती है। पूर्व में चलाए गए अभियान के दौरान यहां छापामारी टीम द्वारा 20 लाख सीएफटी बालू का अवैध भंडारण भी जप्त किया जा चुका है। वहीं, विशेष छापामारी अभियान चलाकर ईचागढ़ क्षेत्र से एक साथ 41 हाइवा को अवैध रूप से बालू का परिवहन करते पकड़ा जा चुका है।

इसी क्रम में आज शुक्रवार को तिरुलडीह थाना क्षेत्र में अवैध बालू उत्खनन और परिवहन के विरुद्ध छापामारी किया गया। तिरुलडीह थाना की पुलिस द्वारा की गई छापामारी के क्रम में बालू लदे 2 ट्रैक्टर को कारकीडीह गांव से जप्त किया गया। दोनों ट्रैक्टर के साथ उसे पर लदा करीब 200 सीएफटी अवैध बालू को भी जप्त कर थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है तथा इस संबंध में विधि सम्मत कारवाई की जा रही है। इस संबंध में तिरुलडीह थाना पुलिस का कहना है कि किसी भी परिस्थिति में क्षेत्र में अवैध कारोबार संचालित नहीं होने दिया जाएगा। पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध कारोबार में संलिप्तता पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article