कुकडू, 16 अप्रैल : सरायकेला-खरसावां जिले में ला उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कुकड़ू प्रखंड के ओड़िया पंचायत में 170 चयनित लाह किसानों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण सह टूल किट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उपायुक्त के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को सशक्त, आत्मनिर्भर और आधुनिक तकनीकों से जोड़ना है।
कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने किसानों को लाह की उन्नत खेती, वैज्ञानिक प्रबंधन, रोग नियंत्रण, गुणवत्तापूर्ण उत्पादन और बेहतर विपणन के गुर सिखाए गए। प्रशिक्षण को केवल सैद्धांतिक नहीं रखा गया, बल्कि व्यावहारिक तरीके से किसानों को आधुनिक तकनीकों का उपयोग भी समझाया गया, जिससे वे सीधे खेतों में इनका लाभ उठा सकें।
इस दौरान किसानों के बीच टूल किट का वितरण किया गया, जिससे लाह उत्पादन की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाया जा सके। विशेषज्ञों ने बताया कि लाह उत्पादन में अपार संभावनाएं हैं और यह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन का माध्यम बन सकता है।
किसानों को समूह आधारित कार्यप्रणाली अपनाने, सरकारी योजनाओं से जुड़ने और प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि उनकी आय में स्थायी वृद्धि सुनिश्चित की जा सके।
कार्यक्रम में जिला सहकारिता पदाधिकारी, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
यह पहल न केवल लाह किसानों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगी, बल्कि क्षेत्र में कृषि आधारित उद्यमिता को भी नई गति देगी।