कोल्हान विश्वविद्यालय में समय पर जारी हुआ पीएचडी का परिणाम, 9 माह में दूसरा परिणाम जारी

Manbhum Updates
2 Min Read

चाईबासा, 10 अप्रैल : कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा द्वारा पीएचडी सत्र 2025–26 की अंतिम चयन सूची का समय पर प्रकाशन किया गया है, जिसे विश्वविद्यालय की एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक उपलब्धि माना जा रहा है। यह परिणाम UGC के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्धारित प्रक्रिया एवं साक्षात्कार के आधार पर जारी किया गया है। कुल 17 विषयों में 145 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया था, जिनमें से 89 अभ्यर्थियों का अंतिम रूप से पीएचडी कार्यक्रम में चयन किया गया है।
जारी सूची के अनुसार बांग्ला, वाणिज्य, अर्थशास्त्र, अंग्रेजी, भूगोल, हिंदी, इतिहास, गृह विज्ञान, गणित, ओड़िया, दर्शनशास्त्र, भौतिकी, राजनीति विज्ञान, मनोविज्ञान, संस्कृत, उर्दू एवं प्राणिविज्ञान विषयों में अभ्यार्थियों का चयन किया गया है। उल्लेखनीय है कि विश्वविद्यालय ने केवल 9 महीने के अंतराल में ही दूसरे सत्र का परिणाम भी प्रकाशित किया, जो शैक्षणिक कार्यों में आई गति को दर्शाता है। यह पहल विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रभावी संचालन और शैक्षणिक प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित करती है।
ज्ञात हो कि पिछला पीएचडी परिणाम 04 जुलाई 2025 को प्रकाशित किया गया था, जिसके अंतर्गत चयनित अभ्यर्थियों का कोर्स वर्क भी समय पर पूर्ण कर लिया गया। यह विश्वविद्यालय की समयबद्ध शैक्षणिक प्रक्रिया का उदाहरण है। इस संदर्भ में कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता के मार्गदर्शन में प्रक्रियाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया गया। यह परिणाम कोल्हान विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर भी देखा जा सकता है। शिक्षकों एवं शोधार्थियों ने इसे सकारात्मक कदम बताते हुए उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी इसी तरह शैक्षणिक गतिविधियों में निरंतरता बनी रहेगी।

प्रकृति का अद्भुत चमत्कार या दैवीय शक्ति? जानिए इस घाटी का राज! देखिए Manbhum Updates पर Exclusive

Share This Article