जमशेदपुर, 3 अप्रैल : राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के यांत्रिक अभियांत्रिकी विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन Innovest 2026 का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। यह सम्मेलन इंजीनियरिंग में नवाचार, अनुसंधान और सतत विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।
उद्घाटन सत्र में शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी रही। मुख्य अतिथि के रूप में आईआईटी पटना के निदेशक प्रो. टी. एन. सिंह ने अंतःविषयक अनुसंधान और उद्योग-अकादमिक सहयोग के महत्व पर जोर देते हुए प्रतिभागियों को व्यावहारिक और सतत नवाचारों पर ध्यान देने की प्रेरणा दी।
एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक प्रो. गौतम सुत्रधार ने अपने संबोधन में ऐसे आयोजनों को संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता और शोध संस्कृति को मजबूत करने वाला बताया। उन्होंने अनुसंधान उत्कृष्टता, वैश्विक सहयोग और नवाचार आधारित शिक्षा को संस्थान की प्राथमिकता बताया। वहीं, उप-निदेशक प्रो. आर. वी. शर्मा ने गुणवत्तापूर्ण शोध और अनुशासन पर बल दिया।
डीन (शैक्षणिक) प्रो. एम. के. सिन्हा ने बहु-विषयक सहयोग और शोध के व्यावहारिक उपयोग की आवश्यकता बताई, जबकि कुलसचिव प्रो. सरोज कुमार सारंगी ने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की।
विभागाध्यक्ष डॉ. परमानंद कुमार ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य शोधकर्ताओं और उद्योग विशेषज्ञों को एक साझा मंच प्रदान करना है। सम्मेलन में 300 से अधिक शोध-पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 170 से अधिक को प्रस्तुति के लिए चयनित किया गया। उद्घाटन सत्र में 35 प्रतिभागी ऑफलाइन और 115 प्रतिभागी ऑनलाइन शामिल हुए।
दो दिवसीय यह सम्मेलन 3 एवं 4 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा और इंजीनियरिंग क्षेत्र में नवाचार एवं सहयोग को नई दिशा देने का कार्य करेगा।