जमशेदपुर, 2 अप्रैल : छत्तीसगढ़ के रायपुर में 26 मार्च से 1 अप्रैल तक आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 में झारखंड टीम ने शानदार प्रदर्शन किया है। झारखंड टीम का प्रतिनिधित्व नवल टाटा हॉकी अकादमी (NTHA) ने किया। कैडेट्स की शानदार उपलब्धि पर नवल टाटा हॉकी अकादमी ने खुशी जताया है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में झारखंड की टीम ने रजत पदक हासिल किया।
नवल टाटा हॉकी अकादमी के कुल आठ खिलाड़ियों ने झारखंड टीम की मजबूत आधार प्रदान किया। इन खिलाड़ियों में नवीन केरकेट्टा, दिलबर बारला, दानियाल सोय, सिमोन बोदरा, सेम मुंडा, भीमसेन किस्कू, जुनुल पुर्ती और जयमसीह टूटी शामिल है। खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान अहम भूमिका निभाई। फाइनल मुकाबले में ओडिशा के खिलाफ टीम झारखंड ने शानदार संघर्ष किया, लेकिन 4 के मुकाबले 1 के स्कोर के साथ उपविजेता रही। झारखंड के लिए एकमात्र गोल जयमसीह टूटी ने किया।
पूरे टूर्नामेंट में इन आठों एनटीएचए खिलाड़ियों के लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन ने उनकी तकनीकी दक्षता, बेहतरीन टीमवर्क और मजबूत मानसिकता को उजागर किया। उनके अहम योगदान ने झारखंड को फाइनल तक पहुंचाने और राष्ट्रीय मंच पर रजत पदक दिलाने में निर्णायक भूमिका निभाई। एनटीएचए इन सभी आठ खिलाड़ियों को उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए बधाई दिया है और भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उनकी निरंतर सफलता की कामना करता है।