उपराष्ट्रपति पहुंचे झारखंड, राज्यपाल के साथ उलिहातु पहुंचकर भगवान बिरसा मुंडा को दी श्रद्धांजलि, वंशजों से की मुलाकात

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

खूंटी, 28 मार्च : उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शनिवार को अपने एकदिवसीय दौरे पर झारखंड पहुंचे। झारखंड पहुंचने के बाद उन्होंने राज्य के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के साथ महान जननायक भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातु पहुंचे। उनके आगमन पर जिला प्रशासन द्वारा हेलीपैड पर भव्य स्वागत करते हुए गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस अवसर पर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने उपराष्ट्रपति का पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया।

उलिहातु स्थित जन्मस्थली पर पहुंचकर उपराष्ट्रपति एवं राज्यपाल ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके महान योगदान को स्मरण किया। इस दौरान उन्होंने बिरसा मुंडा के वंशजों से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान दोनों अतिथियों ने उपस्थित बच्चों से संवाद कर उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने तथा जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान भी किया।

इसके पश्चात उपराष्ट्रपति एवं राज्यपाल बिरसा कॉम्प्लेक्स पहुंचे, जहां उन्होंने पुनः भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा स्थानीय ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को जाना।

इस अवसर पर राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह, उपराष्ट्रपति के सचिव अमित खरे सहित कई गणमान्य अतिथि, जिला प्रशासन के अधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article