रामनवमी को लेकर तिरुलडीह थाना क्षेत्र में सुरक्षा तैयारियों का निरीक्षण

MANBHUM UPDATES
1 Min Read

चांडिल, 26 मार्च : आगामी रामनवमी पर्व के मद्देनजर तिरुलडीह थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से गुरुवार को चांडिल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) और पुलिस निरीक्षक द्वारा विभिन्न रामनवमी अखाड़ों एवं उनके निर्धारित रूट लाइन का भौतिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अखाड़ा समितियों के सदस्यों से संवाद स्थापित कर जुलूस के मार्ग, भीड़ प्रबंधन, संवेदनशील स्थानों एवं आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली। साथ ही यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि सभी जुलूस निर्धारित रूट का ही पालन करें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करें।
अधिकारियों ने संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश संबंधित थाना प्रभारी को दिए। इस अवसर पर पुलिस प्रशासन ने आमजन से भी अपील की कि वे पर्व को आपसी सौहार्द एवं शांति के साथ मनाएं तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। प्रशासन ने आश्वस्त किया कि रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

Share This Article