शहीद दिवस पर गोलमुरी में गूंजा देशभक्ति का स्वर, वीर सपूतों को भावभीनी श्रद्धांजलि

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

 

जमशेदपुर, 23 मार्च : शहीद दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, जमशेदपुर इकाई द्वारा सोमवार को गोलमुरी स्थित शहीद स्मारक में महान क्रांतिकारियों भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। कार्यक्रम देशभक्ति और गौरव के वातावरण में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत मां भारती के पूजन, दीप प्रज्ज्वलन और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।

 

मौके पर परिषद के अध्यक्ष विनय कुमार यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान उपस्थित पूर्व सैनिकों और सदस्यों ने वीर शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

 

वरिष्ठ सदस्य सुखविंदर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि देश की आजादी और अखंडता के लिए शहीदों का बलिदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने सभी वीर सपूतों को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।

 

कार्यक्रम में थल सेना, वायु सेना और नौसेना से सेवानिवृत्त सैनिकों की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की। सभी उपस्थित सदस्यों ने एक स्वर में संकल्प लिया— “देश न कभी झुका है, न कभी झुकेगा।”

 

इस अवसर पर “भारत माता की जय” और “वीर शहीद अमर रहें” के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। मौके पर सुखविंदर सिंह, मनोज कुमार सिंह, विश्वजीत, सी.सी. पूरी, उमेश शर्मा, राजीव कुमार, शैलेंद्र कुमार, संजय सिंह, बिरजू, दया भूषण, अनिल कुमार सिंह सहित अन्य पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।

Share This Article