गम्हारिया में बड़ी चोरी का खुलासा : 6 आरोपी गिरफ्तार, लाखों के तांबा-पीतल सामान बरामद

गम्हरिया, 17 मार्च : सरायकेला – खरसावां जिले के गम्हारिया थाना क्षेत्र में औद्योगिक कंपनी से हुई चोरी के मामले का पुलिस ने त्वरित उद्भेदन करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में संलिप्त छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा चोरी गए तांबा और पीतल के सामान के साथ घटना में प्रयुक्त वाहन भी बरामद कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 12 मार्च 2026 को गौरव राज सिंह द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर गम्हारिया थाना में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोप था कि 11-12 मार्च की मध्यरात्रि में अंजनेय इस्पात लिमिटेड कंपनी के स्टोर रूम का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने तांबे के दो बाल्टीनुमा ट्यूयर एवं पीतल के चार ब्रास बुश की चोरी कर ली थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी रामचन्द्र रजक के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने भौतिक, तकनीकी एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार गए आरोपियों में बजरंग कुमार महतो, लखन महतो उर्फ लड्डू, विशाल लोहार, आकाश गोराई, गौतम कुमार और आसिफ अली शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए करीब 48 किलोग्राम तांबा (कॉपर ट्यूयर) और 66 किलोग्राम पीतल (ब्रास बुश) बरामद किया गया। साथ ही, चोरी की घटना में प्रयुक्त छोटा हाथी वाहन (संख्या JH05AL 1211) को भी जब्त कर लिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में गम्हारिया थाना की पुलिस टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई, जिसमें थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिस अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भागीदारी रही।
पुलिस की इस सफलता से औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर सकारात्मक संदेश गया है, वहीं स्थानीय लोगों ने भी त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस की सराहना की।8



