सरायकेला नगर परिषद में उपाध्यक्ष पद पर अभिनाश कवि निर्विरोध निर्वाचित, झामुमो में उत्साह

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सरायकेला नगर परिषद में उपाध्यक्ष पद पर अभिनाश कवि निर्विरोध निर्वाचित, झामुमो में उत्साह

सरायकेला, 17 मार्च: सरायकेला नगर परिषद के उपाध्यक्ष पद के लिए मंगलवार को चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई, जिसमें झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) समर्थित उम्मीदवार अभिनाश कवि निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।

उपाध्यक्ष पद के लिए प्रारंभ में दो वार्ड पार्षद—अभिनाश कवि और उत्तम कुमार मोहंती ने नामांकन दाखिल किया था। हालांकि, चुनाव के अंतिम क्षण पर उत्तम कुमार मोहंती ने अपना नाम वापस ले लिया, जिसके बाद अभिनाश कवि का निर्विरोध निर्वाचन सुनिश्चित हो गया।

निर्वाचन के उपरांत सरायकेला नगर परिषद के अध्यक्ष मनोज चौधरी ने अभिनाश कवि को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर अध्यक्ष मनोज चौधरी सहित जिला प्रशासन के अधिकारियों ने नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

 

वहीं, झामुमो के जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो ने इस जीत को पार्टी की रणनीतिक सफलता बताते हुए कहा कि विरोधियों की हर चाल विफल रही। उन्होंने नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष अभिनाश कवि को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं, साथ ही उनके समर्थन में खड़े सभी वार्ड पार्षदों के प्रति आभार व्यक्त किया।

डॉ. महतो ने विश्वास जताया कि अध्यक्ष मनोज चौधरी और उपाध्यक्ष अभिनाश कवि के नेतृत्व में सरायकेला नगर निकाय क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और आम जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा।

 

बता दें कि सरायकेला नगर परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष व उपाध्यक्ष – दोनों ही झामुमो समर्थित उम्मीदवार थे और दोनों की जीत से झामुमो कार्यकर्ताओं में खास उत्साह देखा जा रहा है।

Share This Article