बाल विवाह के खिलाफ सरायकेला में जागरूकता रथ रवाना, सांसद जोबा मांझी ने कहा– सामूहिक प्रयास से ही मिटेगी कुप्रथा

सरायकेला, 07 मार्च : बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन के लिए सरायकेला–खरसावाँ जिले में जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। शनिवार को समाहरणालय परिसर से सिंहभूम की सांसद Joba Majhi ने बाल विवाह के विरुद्ध जनजागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस मौके पर सांसद ने कहा कि बाल विवाह समाज के विकास में सबसे बड़ी बाधाओं में से एक है और इसे समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि जागरूकता रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को बाल विवाह निषेध कानून और इसके दुष्परिणामों के बारे में जानकारी देगा, ताकि समाज में जागरूकता बढ़े और इस कुप्रथा पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
सांसद ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को बाल विवाह के विरुद्ध शपथ भी दिलाई और समाज के सभी वर्गों से इस कुरीति के खिलाफ आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब समाज, प्रशासन और जनप्रतिनिधि मिलकर काम करेंगे, तभी सकारात्मक बदलाव संभव होगा।
यह अभियान ‘जस्ट राइट्स’ के देशव्यापी कार्यक्रम के तहत चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य बच्चों के अधिकारों की रक्षा करना और बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं के प्रति समाज को जागरूक बनाना है।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त सह प्रभारी उपायुक्त रीना हांसदा, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा निवेदिता राय, विधायक प्रतिनिधि सानंद आचार्य, युवा सरायकेला के प्रतिनिधि प्रशांत शिखर सहित विभिन्न प्रखंडों के सीडीपीओ, महिला प्रवेक्षिका, सेविका, सहिया और संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।



