सिंहभूम महाविद्यालय, चांडिल में 10 मार्च को होगा बाहा मिलन समारोह

चांडिल, 07 मार्च : आदिवासी समाज के प्रमुख प्रकृति पर्व बाहा के अवसर पर 10 मार्च को सिंहभूम महाविद्यालय, चांडिल में “बाहा मिलन समारोह 2026” का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के संथाली विभाग की ओर से किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, समाज के लोगों एवं क्षेत्रवासियों के शामिल होने की संभावना है।
इस संबंध में छात्र नेता सुदामा हेम्ब्रम ने बताया कि बाहा पर्व आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और प्रकृति के प्रति गहरी आस्था का प्रतीक है। इस पर्व के माध्यम से समाज प्रकृति, जंगल, जल और धरती के साथ अपने अटूट संबंध को याद करता है तथा सामूहिक रूप से प्रकृति के प्रति सम्मान व्यक्त करता है।
उन्होंने बताया कि समारोह के तहत सुबह 11 बजे बाहा पर्व विषय पर व्याख्यान आयोजित किया जाएगा, जिसमें विद्वान वक्ता पर्व के सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालेंगे। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे बाहा हाटिंज (पुष्प वितरण) तथा 2:30 बजे बाहा एनेज (सामूहिक बाहा नृत्य) का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पारंपरिक वेशभूषा में छात्र-छात्राएं भाग लेंगे।
सुदामा हेम्ब्रम ने महाविद्यालय के विद्यार्थियों, आदिवासी समाज के लोगों तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होकर बाहा मिलन समारोह को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से आदिवासी संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करने में मदद मिलती है।



