रामचरितमानस नवान्ह पारायण महायज्ञ में राम विवाह की मार्मिक कथा सुन भाव-विभोर हो उठे श्रद्धालु

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

रामचरितमानस नवान्ह पारायण महायज्ञ में राम विवाह की मार्मिक कथा सुन भाव-विभोर हो उठे श्रद्धालु

चांडिल, 07 मार्च : चांडिल प्रखंड के सिंगाती स्थित पुरनाडीह बाबा मंदिर प्रांगण में आयोजित श्रीश्री 108 रामचरितमानस नवान्ह पारायण महायज्ञ के दौरान शुक्रवार को श्रीराम विवाह की मार्मिक कथा सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। कथा के दौरान भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया गया, जिसे सुनकर उपस्थित धर्मप्रेमी श्रद्धालु भक्ति रस में डूब गए।

 

इस अवसर पर श्रीराम और माता सीता की आकर्षक झांकी भी प्रस्तुत की गई, जिसे देखकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए। वहीं संगीत के साथ राम दरबार की भव्य झांकी ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने झांकी और कथा की भूरी-भूरी प्रशंसा की।

 

पूस्नाडीह बाबा समिति के तत्वावधान में आयोजित यह धार्मिक अनुष्ठान 8 मार्च तक चलेगा। कार्यक्रम के तहत प्रतिदिन अपराह्न 3 बजे से रात्रि 12 बजे तक रामचरितमानस पाठ एवं प्रवचन का आयोजन किया जा रहा है। कथा वाचन राष्ट्रीय कथावाचक पंडित राम गोपाल महाराज (झांसी, उत्तर प्रदेश) द्वारा किया जा रहा है।

 

व्यासासन में तारापद हाजरा (हुडूमदा, पश्चिम बंगाल) विराजमान हैं, जबकि राम दरबार के पूजारी मनोज पाठक (टीकर, झारखंड) हैं। प्रवचन क्रम में शक्ति पद चटर्जी, राधाकांत पांडे, भवानंद दास, संजय पांडे एवं अतित मुखर्जी सहित अन्य विद्वान कथावाचक भी अपनी सहभागिता दे रहे हैं।

 

अनुष्ठान के समापन दिवस 8 मार्च को रात्रि 12 बजे से 2 बजे तक अतित मुखर्जी एवं फुलन देवी द्वारा संगीतमय प्रस्तुति दी जाएगी। समिति के जयदेव साव ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है। कार्यक्रम के सफल संचालन में सिंगाती ग्रामवासी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। शुक्रवार को कथा सुनने बड़ी संख्या में श्रद्धालु दूर-दराज से पहुंचे थे।

Share This Article