ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट से हुमीद ओपी में लगी आग, पुलिस के दो वाहन जलकर राख

चांडिल, 02 मार्च: सरायकेला–खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र स्थित हुमीद ओपी परिसर में सोमवार दोपहर बिजली ट्रांसफार्मर में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। इस घटना में पुलिस के दो वाहन जलकर पूरी तरह राख हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ओपी परिसर में स्थापित बिजली ट्रांसफार्मर में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे आग की चिंगारियां और लपटें नीचे गिरने लगीं। ट्रांसफार्मर के ठीक नीचे खड़े हाइवे पेट्रोलिंग वाहन तथा एक अन्य पुलिस वाहन ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते दोनों वाहन धू-धू कर जलने लगे और कुछ ही देर में पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
बताया जा रहा है कि प्रारंभिक स्तर पर आग पर काबू पाने के लिए पर्याप्त अग्निशमन व्यवस्था उपलब्ध नहीं थी, जिसके कारण वाहनों को बचाया नहीं जा सका। आग की लपटों ने परिसर में खड़े कुछ जर्जर वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। बाद में दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना प्रभारी दिलशन बिरुआ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने तत्काल वरीय अधिकारियों को घटना की जानकारी दे दी है। फिलहाल आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।



