रमजान की सेहरी बनी आफत: कपाली के मलिक गार्डन स्थित कपड़ा गोडाउन में भीषण आग, 40 लाख की अनुमानित क्षति

चांडिल, 02 मार्च : सरायकेला -खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र के मलिक गार्डन के पास सोमवार सुबह लगी आग ने एक कारोबारी की वर्षों की मेहनत को पलभर में राख कर दिया। ‘हेदायत इंटरनेशनल क्लॉथ’ नामक दुकान के संचालक इम्तियाज़ अंसारी के कपड़ा गोडाउन में अचानक आग भड़क उठी।
इम्तियाज़ अंसारी ने बताया कि उनका मकान गोडाउन के ठीक बगल में है। वे रोज़ की तरह सेहरी के लिए उठे तो गोडाउन से उठती तेज लपटें देख दंग रह गए। शोर मचाने पर आसपास के लोग जमा हुए और बस्तीवासियों ने मिलकर बाल्टियों और पाइप से पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी, लेकिन तब तक गोडाउन में रखा पूरा कपड़ा जलकर राख हो चुका था।
प्राथमिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में अनुमानित 40 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। घटना की सूचना तुरंत कपाली ओपी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि आर्थिक क्षति काफी बड़ी बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच और आवश्यक तकनीकी पड़ताल के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।



