चाईबासा : ईचकिंग हातु में ग्राम सभा संपन्न, विकास व स्वच्छता को लेकर लिए गए अहम निर्णय

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चाईबासा : ईचकिंग हातु में ग्राम सभा संपन्न, विकास व स्वच्छता को लेकर लिए गए अहम निर्णय

चाईबासा, 28 फरवरी : ईचकिंग हातु चबूतरा में शनिवार को विभिन्न सामाजिक मुद्दों को लेकर ग्राम सभा का सफल आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता हातु दियुरी अर्जुन बानरा ने की, जबकि संचालन सामाजिक कार्यकर्ता साधु हो द्वारा किया गया। ग्राम सभा में गांव के समग्र विकास, स्वच्छता, संसाधन संरक्षण और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई।

 

बैठक में ईचकिंग हातु के विकास के लिए एक स्थानीय कमेटी के गठन का निर्णय लिया गया, जिसमें प्रत्येक परिवार से प्रतिमाह निर्धारित राशि जमा की जाएगी। गांव में दिनभर बहते पानी की बर्बादी रोकने हेतु जलसहिया को सूचित करने, प्लास्टिक व आधुनिक कचरे से गांव को मुक्त करने के लिए जन-जागरूकता एवं साफ-सफाई अभियान चलाने पर सहमति बनी। बाहरी प्रभाव से गलत गतिविधियों पर रोक के लिए अनजान व्यक्तियों पर निगरानी रखने और बाहरी व्यापारियों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय भी लिया गया।

 

इसके अलावा ट्रांसफार्मर की मरम्मत या नए ट्रांसफार्मर के लिए बिजली विभाग को आवेदन देने, सांगाजाटा से ईचकिंग, चोमकोडिया व किरी गांव तक मुख्य सड़क मार्ग की मरम्मत हेतु सड़क निर्माण विभाग को प्रस्ताव भेजने, केशारी तालाब में स्नान घाट निर्माण के लिए मुखिया को आवेदन देने तथा गांव के बाहर मुख्य सड़क के दोनों ओर साइन बोर्ड लगाने पर सहमति बनी। पलायन रोकने हेतु स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन पर भी विचार-विमर्श हुआ।

 

अंत में सर्वसम्मति से तय किया गया कि प्रत्येक माह के पहले रविवार को ग्राम सभा आयोजित की जाएगी। बैठक में नाईकी बानरा, गुरु चरण बानरा, चोकरो कुंटिया, सतशिला बिरुवा, जयलक्ष्मी बानरा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

इस अवसर पर महात्मा गांधी के विचारों को स्मरण करते हुए कहा गया कि समाज में सकारात्मक बदलाव की शुरुआत स्वयं और अपने गांव से करनी चाहिए।

Share This Article