झारखंड आंदोलनकारी के पिता व जिला परिषद उपाध्यक्ष के ससुर का निधन
कुकड़ू, 26 फरवरी : झारखंड आंदोलनकारी सुनील कुमार महतो के पिता एवं सरायकेला–खरसावां जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो के ससुर राज किशोर महतो का गुरुवार को प्रातः लगभग 7 बजे निधन हो गया। वे 90 वर्ष से अधिक आयु के थे। कुछ दिनों से वे अस्वस्थ चल रहे थे तथा चिकित्सकीय उपचाराधीन थे।
स्वर्गीय राज किशोर महतो अपने पीछे पांच पुत्र, पुत्रवधू एवं दस पोता-पोती सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े कई लोगों ने उनके आवास पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की।
दिवंगत का अंतिम संस्कार गुरुवार को अपराह्न 1 बजे कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत उनके पैतृक गांव सिरुम में सामाजिक रीति-रिवाज के साथ किया जाएगा। झारखंड अलग राज्य के आंदोलन में दिवंगत राजकिशोर महतो ने भी सक्रिय भूमिका निभाई थी।