एग्रिको सिग्नल से Mercy Hospital मार्ग पर दो आवारा सांड पकड़े गए

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

एग्रिको सिग्नल से Mercy Hospital मार्ग पर दो आवारा सांड पकड़े गए

 

जमशेदपुर, 22 फरवरी : JNAC द्वारा आवारा पशुओं के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रविवार को एग्रिको सिग्नल से मर्सी अस्पताल तक के मार्ग पर सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क पर घूम रहे दो आवारा सांडों को सुरक्षित एवं मानवीय तरीके से पकड़कर गौशाला भेज दिया गया।

बताया गया कि उक्त मार्ग पर आवारा पशुओं के कारण यातायात बाधित हो रहा था तथा दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।

कार्रवाई में विशेष पदाधिकारी मुकेश कुमार, पशु चिकित्सक पदाधिकारी डॉ. सागर हांसदा, सिटी मैनेजर ज्योतिपुंज सहित जिला पशुपालन विभाग की टीम मौजूद रही। अधिकारियों की देखरेख में पशुओं को पकड़कर सुरक्षित रूप से गौशाला में स्थानांतरित किया गया।

नगर प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने पालतू पशुओं को खुला न छोड़ें। नियमों का उल्लंघन करने वाले पशु मालिकों के विरुद्ध नगर निगम अधिनियम के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में आवारा पशुओं के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

Share This Article