मानगो में आखिरी दिन शक्ति प्रदर्शन : डिमना रोड से ओल्ड पुरुलिया रोड तक सुधा गुप्ता ने किया पदयात्रा – स्वच्छता–सुरक्षा–स्मार्ट मानगो का विजन रखा सामने, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने झोंका ताकत 

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

मानगो में आखिरी दिन शक्ति प्रदर्शन : डिमना रोड से ओल्ड पुरुलिया रोड तक सुधा गुप्ता ने किया पदयात्रा – स्वच्छता–सुरक्षा–स्मार्ट मानगो का विजन रखा सामने, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने झोंका ताकत 

जमशेदपुर, 21 फरवरी : मानगो नगर निगम चुनाव अब निर्णायक मोड़ पर है। प्रचार के अंतिम दिन मेयर प्रत्याशी सुधा गुप्ता ने अपने पति, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता के साथ जोरदार पदयात्रा कर चुनावी माहौल को गरमा दिया। डिमना रोड से लेकर ओल्ड पुरुलिया रोड तक निकली पदयात्रा में समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे शक्ति प्रदर्शन का स्पष्ट संदेश गया।

अंतिम दिन के प्रचार में सुधा गुप्ता ने “सर्वांगीण विकास” को अपना मुख्य एजेंडा बताते हुए कहा कि मानगो को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधासंपन्न नगर के रूप में विकसित करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने वादा किया कि जीत के बाद सभी वार्डों में नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। जर्जर सड़कों, नालियों और स्ट्रीट लाइट की मरम्मत कर आधारभूत संरचना को दुरुस्त किया जाएगा।

व्यवसायियों के लिए अलग वेंडर जोन की स्थापना, महिलाओं और युवाओं के लिए तकनीकी प्रशिक्षण केंद्र तथा नए शिक्षा संस्थानों की स्थापना के साथ डिजिटल शिक्षा व स्मार्ट क्लास की सुविधा उपलब्ध कराने का संकल्प भी उन्होंने दोहराया। नशामुक्त, स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण की बात कहते हुए उन्होंने महिला पुलिस बल की विशेष तैनाती और पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी निगरानी की योजना सामने रखी।

पर्यटन और सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उन्होंने दोमुहानी की तर्ज पर स्वर्णरेखा नदी किनारे आकर्षक प्रवेश द्वार निर्माण, सभी छठ घाटों के सौंदर्यीकरण तथा नए छठ घाटों के निर्माण का वादा किया। साथ ही हर इलाके में पार्क और ओपन जिम विकसित करने की योजना भी साझा की।

पदयात्रा के दौरान सुधा गुप्ता ने मतदाताओं से अपील की कि आगामी 23 फरवरी को अपने घरों से निकलकर क्रम संख्या 11 पर कार्पेट निशान पर मुहर लगाकर उन्हें विजयी बनाएं। वहीं, बन्ना गुप्ता ने भी जनता से विकास की निरंतरता के लिए समर्थन देने की अपील की।

चुनाव प्रचार के आखिरी दिन हुए इस शक्ति प्रदर्शन ने मानगो की सियासत में हलचल तेज कर दी है। अब सबकी निगाहें 23 फरवरी को होने वाले मतदान और उसके परिणाम पर टिकी हैं।

Share This Article