अनियंत्रित होकर खाई में गिरा ट्रैक्टर, चालक गंभीर रूप से घायल

ईचागढ़, 19 फरवरी : ईचागढ़ थाना क्षेत्र के सिल्ली-रांगामाटी सड़क पर झाडुआ गांव के पास एक बिना नंबर का खाली ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब 10 फीट नीचे खाई में जाकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना में चालक का बायां पैर टूटकर अलग हो गया।
घायल की पहचान चौका थाना क्षेत्र के सिदडीह निवासी अरुण लोहार के रूप में की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही ईचागढ़ थाना की पुलिस एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंची। स्थानीय पत्रकारों ने भी मानवता का परिचय देते हुए घायल चालक को खाई से बाहर निकालकर एंबुलेंस तक पहुंचाया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ईचागढ़ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि उक्त सड़क पर प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में ट्रैक्टर तेज रफ्तार से आवाजाही करते हैं। अधिक ट्रिप लगाने की होड़ में कई बार वाहन अनियंत्रित हो जाते हैं, जिससे जान व माल की क्षति होती है। पूर्व में भी कई हादसे हो चुके हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से तेज रफ्तार ट्रैक्टरों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि सड़क पर चलने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।



