नगरपालिका चुनाव–2026 को लेकर अवैध शराब पर छापेमारी, 20 लीटर महुआ शराब जब्त

सरायकेला, 17 फरवरी : नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के मद्देनजर विधि-व्यवस्था संधारण एवं निष्पक्ष निर्वाचन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त, सरायकेला–खरसावां के निर्देशानुसार अधीक्षक उत्पाद, सरायकेला क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में 17 फरवरी को ईचागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत चातम गांव में अवैध शराब अड्डे पर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान अवैध रूप से निर्मित एवं भंडारित 20 लीटर महुआ शराब बरामद कर विधिवत जब्त किया गया।
इसके साथ ही लगभग 400 किलोग्राम जावा महुआ को नियमानुसार विनष्ट किया गया। इस संबंध में अड्डा संचालक के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम, 2000 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत अभियोग दर्ज कर अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
उत्पाद अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि चुनाव अवधि के दौरान अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध सतत निगरानी एवं सघन अभियान जारी रहेगा। नियमों के उल्लंघन पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



