थाने से 50 मीटर दूर गोलियों की गूंज: सुरक्षा दावों पर सवाल, गोलमुरी में दिनदहाड़े फल कारोबारी पर हमला

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

थाने से 50 मीटर दूर गोलियों की गूंज: सुरक्षा दावों पर सवाल, गोलमुरी में दिनदहाड़े फल कारोबारी पर हमला

 

जमशेदपुर, 11 फरवरी : गोलमुरी थाना से महज 50 मीटर की दूरी पर बुधवार सुबह चली गोलियों ने न सिर्फ एक फल कारोबारी को लहूलुहान किया, बल्कि इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया। बदमाशों के हौसले इतने बुलंद थे कि थाना के नजदीक होने के बावजूद उन्होंने वारदात को अंजाम दिया और आराम से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, फल कारोबारी कन्हैया यादव पर बाइक सवार दो अपराधियों ने अचानक हमला बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हमलावरों ने बिना किसी बहस या चेतावनी के सीधे फायरिंग शुरू कर दी। कन्हैया यादव को तीन से अधिक गोलियां लगी हैं। गंभीर अवस्था में उन्हें तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि थाना के इतने करीब इस तरह की वारदात होना पुलिस गश्ती और खुफिया तंत्र की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े करता है। सुबह का समय होने के कारण सड़क पर आवाजाही थी, जिससे बड़ी अनहोनी भी हो सकती थी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश, रंगदारी या पूर्व नियोजित हमले की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक रूप से किसी कारण की पुष्टि नहीं की है।

यह घटना एक बार फिर बताती है कि अपराधी अब पुलिस की मौजूदगी से बेखौफ नजर आ रहे हैं। सवाल यह है कि जब थाना के साए में गोली चल सकती है, तो आम नागरिक खुद को कितना सुरक्षित महसूस करे?

Share This Article