मानगो को झारखंड का सर्वश्रेष्ठ नगर निगम बनाएंगे : सुधा गुप्ता – पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता के साथ डोर-टू-डोर अभियान में मांगा जनसमर्थन

जमशेदपुर, 10 फरवरी : मानगो नगर निगम की मेयर प्रत्याशी सुधा गुप्ता ने पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता के साथ सोमवार को विभिन्न क्षेत्रों में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया। पारडीह चौक, कुली रोड, वाटिका ग्रीन सिटी, चूनाशाह कॉलोनी, मानगो क्रॉस रोड नंबर-1 और जाकिर नगर सहित कई इलाकों में डोर-टू-डोर पहुंचकर उन्होंने लोगों से समर्थन की अपील की।
इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थक भी अभियान में शामिल रहे। घर-घर पहुंचकर सुधा गुप्ता ने क्षेत्रवासियों से संवाद किया और आगामी चुनाव में समर्थन देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यदि जनता का आशीर्वाद मिला तो मानगो के विकास को नई गति दी जाएगी और इसे झारखंड का सर्वश्रेष्ठ नगर निगम क्षेत्र बनाया जाएगा।
सुधा गुप्ता ने कहा कि पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता के कार्यकाल में मानगो में कई विकासात्मक कार्य हुए हैं और आगे भी विकास की योजनाओं को धरातल पर उतारने का संकल्प लिया गया है। “विकास किया है, विकास करेंगे” के नारे के साथ उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि सड़क, नाली, जलापूर्ति, सफाई और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाएगा। साथ ही शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में भी विशेष पहल की जाएगी।
पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने भी लोगों से अपील करते हुए कहा कि मानगो के सर्वांगीण विकास के लिए एक सक्षम और समर्पित नेतृत्व की आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता विकास के मुद्दे पर अपना समर्थन देगी।
जनसंपर्क अभियान के दौरान स्थानीय लोगों ने भी उत्साहपूर्वक स्वागत किया और समर्थन का आश्वासन दिया। अंत में सुधा गुप्ता ने मतदाताओं से चुनाव प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने और भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।



