संदिग्ध परिस्थिति में अधेड़ व्यक्ति का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस

चांडिल, 03 फरवरी : चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा–रांची नेशनल हाइवे पर चिलगु पुल के किनारे मंगलवार सुबह एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान चांडिल थाना क्षेत्र के शहरबेड़ा निवासी करमू तंतुबाई के रूप में की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे शव पड़ा देखा, जिसके बाद आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। चिलगु निवासी हाइवे किंग शेखर गांगुली ने शव की पहचान कर शहरबेड़ा के ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। साथ ही घटना की जानकारी चांडिल थाना पुलिस को भी दी गई।
सूचना मिलते ही चांडिल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
वहीं मृतक के परिजनों ने बताया कि करमू तंतुबाई सोमवार दोपहर घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों द्वारा उनकी तलाश की जा रही थी। इसी बीच मंगलवार सुबह उनका शव संदिग्ध अवस्था में मिलने की सूचना मिली।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की तैयारी की जा रही है, ताकि मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सके।



