संत रविदास जयंती पर भक्ति, संस्कृति और संदेश का संगम

चांडिल, 31 जनवरी : नौरंगराय सूर्या देवी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, चांडिल में महान संत शिरोमणि रविदास की जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य सुब्रतो चटर्जी की अध्यक्षता में किया गया।
विद्यालय की परंपरा के अनुरूप संत रविदास जी की भव्य तस्वीर के समक्ष प्रभारी प्रधानाचार्य द्वारा दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके पश्चात विद्यालय के भैया-बहनों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।
छात्र-छात्राओं ने संत रविदास जी के जीवन, विचारों और समाज सुधार के संदेशों पर आधारित भाषण प्रस्तुत किए। वहीं भक्ति-गीत, संगीत, कविता पाठ और नृत्य प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम में आरसू एंड ग्रुप के स्वागत गीत, परिणीति गोप के प्रभावशाली कविता पाठ, प्राची नाग के सारगर्भित भाषण तथा छोटी बच्चियों मीरा और खुशबू द्वारा भक्ति गीत पर प्रस्तुत आकर्षक नृत्य ने विशेष रूप से दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का समापन प्रभारी प्रधानाचार्य के अध्यक्षीय संबोधन के साथ हुआ, जिसमें उन्होंने संत रविदास जी के समता, भक्ति और मानवता के मूल्यों को विद्यार्थियों के जीवन में अपनाने का आह्वान किया। पूरे आयोजन ने विद्यालय परिसर को सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक सद्भाव के संदेश से सराबोर कर दिया।



