इंडोर स्टेडियम में खेल सुविधाओं को मिलेगा नया रूप, उपायुक्त ने किया स्थल निरीक्षण

सरायकेला, 30 जनवरी : सरायकेला गेस्ट हाउस कॉलोनी स्थित इंडोर स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट के निर्माण, मरम्मति एवं जीर्णोद्धार कार्यों को लेकर प्रशासन गंभीर नजर आ रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत के साथ इंडोर स्टेडियम का स्थल निरीक्षण किया और चल रहे एवं प्रस्तावित कार्यों का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बैडमिंटन कोर्ट से जुड़े चेंजिंग रूम, वेटिंग रूम, शौचालय समेत उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी निर्माण एवं मरम्मति कार्य खेल अधोसंरचना के निर्धारित मानकों के अनुरूप हों और इन्हें समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए, ताकि खिलाड़ियों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
उपायुक्त ने इंडोर स्टेडियम में खेल गतिविधियों को और बेहतर बनाने की दिशा में टेबल टेनिस बोर्ड की अधिष्ठापना सुनिश्चित कराने का निर्देश जिला खेल पदाधिकारी को दिया। इसके साथ ही स्टेडियम के समीप स्थित मैदान का मापांकन कर समतलीकरण की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करने के भी निर्देश दिए गए, जिससे भविष्य में विभिन्न खेल आयोजनों के लिए मैदान का समुचित उपयोग हो सके।
निरीक्षण के दौरान स्टेडियम परिसर की प्रकाश व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने स्टेडियम के चारों ओर स्थापित सभी स्ट्रीट लाइटों की जांच कर आवश्यक मरम्मति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया, ताकि शाम और रात्रि समय में भी खिलाड़ियों एवं आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके अलावा इंडोर भवन के अंदर एवं आसपास नियमित साफ-सफाई बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। संचालन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से स्टेडियम परिसर में एक होमगार्ड की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार एवं संबंधित विभाग के कनीय अभियंता समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन की इस पहल से जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।



