राजनगर में अवैध महुआ शराब अड्डों पर छापेमारी, 80 लीटर शराब जब्त

सरायकेला, 29 जनवरी : जिले में अवैध शराब के निर्माण एवं विक्रय पर रोक लगाने के उद्देश्य से उत्पाद विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सरायकेला–खरसावां जिले के उपायुक्त के निर्देश तथा उत्पाद अधीक्षक झितिज विजय मिंज के निर्देशन में गुरुवार को राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुराकाटी एवं जोजोगोडा गांव में अवैध महुआ शराब अड्डों पर छापेमारी अभियान चलाया गया।
छापेमारी के दौरान टीम द्वारा 80 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद कर विधिवत जब्त की गई, वहीं मौके पर मौजूद 1200 किलोग्राम जावा महुआ को नियमानुसार नष्ट किया गया। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब अड्डा संचालक फरार पाया गया।
उत्पाद विभाग द्वारा संबंधित फरार अभियुक्त के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा उसकी गिरफ्तारी के लिए अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।
इस संबंध में उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं विक्रय के विरुद्ध प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेंगे और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।



