नगरपालिका चुनाव को लेकर जन शिकायतों के त्वरित निपटारे हेतु हेल्पलाइन शुरू

सरायकेला, 29 जनवरी : नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के दौरान निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा हेल्पलाइन एवं जन शिकायत कोषांग को सक्रिय किया गया है। यह पहल जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त के निर्देश पर की गई है।
प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार यह जन शिकायत कोषांग निर्वाचन से संबंधित शिकायतों, सूचनाओं, समस्याओं एवं असुविधाओं के त्वरित संज्ञान एवं समाधान के लिए कार्य करेगा। आम नागरिक नगरपालिका चुनाव से जुड़ी किसी भी प्रकार की शिकायत अथवा जानकारी के लिए टोल-फ्री दूरभाष संख्या 06597-234008 एवं 06597-1950 पर संपर्क कर सकते हैं।
जन शिकायत कोषांग में प्राप्त शिकायतों का संबंधित पदाधिकारी एवं निर्वाची पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। शिकायतों की नियमित समीक्षा करते हुए आवश्यक प्रशासनिक एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी, ताकि चुनाव प्रक्रिया निर्बाध और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी नितिश कुमार सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि नगरपालिका निर्वाचन से संबंधित किसी भी समस्या या सूचना के लिए निर्धारित हेल्पलाइन नंबरों का ही उपयोग करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।



