नगर निकाय निर्वाचन 2026 की तैयारी को लेकर हुई समीक्षा बैठक

निष्पक्ष व शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने पर जोर
सरायकेला, 27 जनवरी : नगर निकाय आम निर्वाचन 2026 की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)–सह–उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत भी उपस्थित थे।
बैठक में राज्य निर्वाचन आयोग, झारखंड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के आलोक में की जा रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिले में गठित 13 कोषांगों के कार्यों एवं अब तक की प्रगति पर चर्चा की गई। सभी कोषांगों के वरीय पदाधिकारियों ने अपने-अपने दायित्वों से संबंधित जानकारी साझा की।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी कोषांग निर्वाचन अवधि के दौरान पूरी तरह सक्रिय रहेंगे तथा आवश्यक सामग्री एवं संसाधनों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं नगर निकाय के पदाधिकारियों को सभी मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर वहां उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा करने तथा उसकी रिपोर्ट जिला निर्वाचन कार्यालय को सौंपने का निर्देश दिया।
बैठक में निर्वाचन कार्य से जुड़े पदाधिकारियों एवं कर्मियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम निर्धारित कर समयबद्ध रूप से प्रशिक्षण पूर्ण कराने पर भी जोर दिया गया। इसके साथ ही मतदाता संख्या सहित अन्य आवश्यक सूचनाओं के संकलन एवं नामांकन प्रक्रिया के सुचारू संचालन के लिए कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा की गई।
उपायुक्त ने जन शिकायतों के निष्पादन के लिए टोल फ्री नंबर के व्यापक प्रचार-प्रसार, कोषांगों के बीच बेहतर समन्वय तथा प्रतिदिन अद्यतन प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



