आदिवासी हो समाज के ब्ह पर्व के साथ भव्य आयोजन की तैयारी

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

आदिवासी हो समाज के ब्ह पर्व के साथ भव्य आयोजन की तैयारी

चाईबासा, 25 जनवरी : कोल्हान ब्ह रुमुल आयोजन समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को चाईबासा स्थित प्रकृति व्याख्या केंद्र के समक्ष खुंटकट्टी मैदान में संपन्न हुई। बैठक में आगामी कोल्हान ब्ह रुमुल एवं सांस्कृतिक यात्रा 2026 के सफल, भव्य एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर व्यापक चर्चा की गई तथा आयोजन समिति का पुनर्गठन किया गया।

बैठक में कोल्हान क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक संगठनों, आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों एवं हो समुदाय के प्रबुद्ध लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर सभी से एकजुट होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की गई।

सर्वसम्मति से पदाधिकारी मनोनीत

कोल्हान ब्ह रुमुल के लिए अध्यक्ष संजय सारील देवगम, उपाध्यक्ष क्रांति तिरिया, सचिव सह मीडिया प्रभारी रेयांस सामड, कार्यक्रम प्रबंधक सह मीडिया प्रभारी साधु हो, कोषाध्यक्ष सत्यजीत सुंडी, सोशल मीडिया को ऑर्डिनेटर विकास उगुरसंडी, बुरु हो संरक्षक बबलू बानरा, सलाहकार समिति प्रकाश पूर्ति, सन्नी, संदीप देवगम, मधुसूदन बानरा।

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि इस वर्ष कोल्हान ब्ह रुमुल एवं सांस्कृतिक यात्रा का आयोजन 15 मार्च 2026 को किया जाएगा। यह आयोजन आदिवासी हो समाज के सबसे पवित्र एवं प्रमुख पर्व ब्ह पर्व के साथ संयुक्त रूप से मनाया जाएगा। ब्ह पर्व के अवसर पर साल फूल, आम फूल, ईचे फूल, महुआ फूल एवं तारोब फूल को सिंहबोंगा को अर्पित कर सामूहिक नृत्य, लोकगीत एवं पारंपरिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाता है। इसी परंपरा को औपचारिक सांस्कृतिक यात्रा के रूप में सम्मिलित कर आयोजन को और अधिक गरिमामय, ऐतिहासिक एवं परंपरागत स्वरूप दिया जाएगा।

कोल्हान ब्ह रुमुल कोल्हान क्षेत्र पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम एवं सरायकेला-खरसावां के हो आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोकनृत्य, संगीत, परंपराओं, प्रकृति पूजा एवं सामाजिक एकता का प्रतीक है। इस वर्ष इसे ब्ह पर्व के साथ जोड़कर समाज की जड़ों से जुड़ाव और सामूहिक चेतना को और सशक्त किया जाएगा।

आयोजन समिति ने कोल्हान क्षेत्र के समस्त नागरिकों, हो समाज के लोगों, सामाजिक संगठनों एवं सांस्कृतिक प्रेमियों से अपील की है कि वे इस भव्य सांस्कृतिक यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लें और इसे ऐतिहासिक एवं स्मरणीय बनाने में अपना योगदान दें।

Share This Article