राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर शपथ ग्रहण, बीएलओ सम्मानित, नए मतदाताओं को मिला ईपीआईसी कार्ड

सरायकेला, 22 जनवरी : राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों, निर्वाचन कर्मियों एवं नागरिकों को मतदाता प्रतिज्ञा दिलाई गई।
इस अवसर पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) एवं निर्वाचन कार्यक्रम 2025 के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों से चयनित बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि भारत का लोकतंत्र नागरिकों की सक्रिय भागीदारी और जिम्मेदार मतदान से ही सशक्त बनता है। स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन लोकतांत्रिक व्यवस्था की पहचान है, जिसे बनाए रखना सभी का दायित्व है।
उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिया कि वे अपने क्षेत्रों में छूटे पात्र मतदाताओं की पहचान कर उन्हें मतदाता सूची से जोड़ने हेतु निरंतर प्रयास करें तथा फॉर्म–6, 7 और 8 से संबंधित आवेदनों का समयबद्ध एवं पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि त्रुटिरहित मतदाता सूची समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से ही संभव है।
कार्यक्रम के अंत में नए मतदाताओं के बीच ईपीआईसी कार्ड का वितरण किया गया तथा समाहरणालय परिसर से गुब्बारे उड़ाकर मतदाता जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में जिले के वरीय पदाधिकारी, निर्वाचन कर्मी, बीएलओ एवं नवपंजीकृत मतदाता उपस्थित रहे।



